किशोरी के अपहरण में आरोपी युवक का शव बुधवार की सुबह पत्थरमंडी कबरई के बंद पड़े रमकुंडा पहाड़ की 250 फीट गहरी खदान में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। आरोपी युवक के परिजनोंं ने अभी तक किसी प्रकार की तहरीर थाने में नहीं दी है।
थाना खन्ना के एक गांव निवासी युवक ने 26 दिसंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को अशोक कुशवाहा (21) बहला-फुसलाकर ले गया है। किशोरी अपने साथ 20 हजार रुपये समेत करीब दो लाख रुपये के जेवर भी ले गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अशोक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। 30 दिसंबर को किशोरी घर लौट आई थी जबकि युवक भाग गया था।
बुधवार की सुबह रमकुंडा पहाड़ की खदान में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना चरवाहों ने पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच जांच की। उसके कपड़ों से मोबाइल व आधार कार्ड बरामद होने पर परिजनों को बुलाया गया। तब परिजनों ने शव की शिनाख्त अशोक कुशवाहा के रूप में की। अपर एसपी वंदना सिंह का कहना है कि सूचना पर फील्ड यूनिट और पुलिस ने जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। अग्रिम विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।