महोबा जिले में पत्थरमंडी कबरई स्थित श्रिया ग्रेनाइट क्रशर प्लांट पर बुधवार को इनकम टैक्स की टीम ने छापामारी की। छह गाड़ियों के साथ पहुंची टीम ने क्रशर प्लांट कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल जब्त कर लिए। किसी के भी अंदर और बाहर जाने पर रोक लगाई गई है।
टीम कार्यालय में मौजूद अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रही है। अभिलेखों में क्या गड़बड़ी मिली, यह तो बाद में पता चलेगा लेकिन इस कार्रवाई से क्रशर प्लांट संचालकों में खलबली मची रही। बता दें कि पत्थर मंडी कबरई में करीब 200 क्रशर प्लांट संचालित है। जहां पहाड़ों में होने वाले खनन के बाद गिट्टी बनाकर विभिन्न जनपदों में आपूर्ति की जाती है।
