
मौके पर मौजूद पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले में कैमाहा-नौगांव मार्ग पर पशुओं से भरा तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे 20 भैंसों की मौत हो गई। इस दौरान दस भैंसें ग्रामीण चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से कंटेनर को सीधा कराते हुए मृत भैंसों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने कंटेनर सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पशुओं को कंटेनर में भूसे की तरह भरे जाने से अन्य भैंसों की हालत भी गंभीर बनी है।
मध्यप्रदेश के जनपद दमोह से एक कंटेनर 51 भैंस लादकर उत्तरप्रदेश के गोंडा जिला जा रहा था। बुधवार की सुबह जैसे ही कंटेनर इमिलिया गांव के पास पहुंचा। तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे कंटेनर में भरी 20 भैंसों की मौत हो गई। अन्य भैंसों के उतरने पर ग्रामीणों में उन्हें ले जाने की होड़ मच गई। पुलिस जब तक पहुंची, तब तक ग्रामीण दस भैंसे ले गए। पुलिस ने सभी 21 भैंसों को बाहर निकलवाया और उन्हें ग्रामीणों के सुपुर्द किया।
मृत भैंसों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें दफनाया गया। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया जबकि तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह का कहना है कि कंटेनर में बंद करके जानवरों को ले जाया जा रहा था। जो पशु क्रूरता का अपराध है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
