मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी 40 वर्षीय कमलेश यादव पुत्र मुख्तयार सिंह कासगंज में डेयरी पर काम करते थे। चार दिन पहले 20 फरवरी को कमलेश नौकरी करके घर वापस आ रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने किशनी थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह 9 बजे लोगों ने पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने लाश पड़ी देखी तो दंग रह गए।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कमलेश के रूप में की। गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों सहित ग्वालियर बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण द्विवेदी और फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर परिजनों को जांच कर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर आधा घंटे बाद जाम खुलवा दिया। मृतक के भाई अवधेश यादव ने आरोप लगाया कि कमलेश की पत्नी सुनीति और उसके प्रेमी ने हत्या कर शव को फेंका है। मृतक कमलेश के दो पुत्र 12 वर्षीय आयुष व 10 वर्षीय पीयूष का रो-रोकर बुरा हाल है।