12:43 PM, 04-Jun-2024
88,846 मतों से डिंपल यादव हुई आगे
मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने सुबह से ही लीड बनाई हुई है। जैसे-जैसे मतगणना का क्रम आगे बढ़ा, वैसे-वैसे मतों का अंतर भी बढ़ता गया। दोपहर 12.30 बजे के बाद डिंपल यादव ने 88,846 मतों के साथ बड़ी लीड बना ली।
11:42 AM, 04-Jun-2024
डिंपल यादव को अब तक मिले 196200 वोट
मैनपुरी से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने 1 लाख 96 हजार 200 वोट अब तक प्राप्त कर जीत का बड़ा अंतर खड़ा कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी ठाकुर जयवीर सिंह को यहां से 1 लाख 28 हजार 605 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी कुल 67595 मतों से डिंपल यादव से पीछे हो गए हैं।
09:39 AM, 04-Jun-2024
मैनपुरी में दौड़ी साइकिल
मैनपुरी से शुरुआती रुझानों में साइकिल दौड़ रही है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने 58638 वोटों से बढ़त बना ली है। वहीं भाजपा प्रत्याशी ठाकुर जयवीर सिंह काफी पीछे रह गए हैं। इस मुकाबले में बसपा तीसरे नंबर पर है।
09:17 AM, 04-Jun-2024
0404 वोटों से डिंपल यादव आगे
मैनपुरी लोकसभा सीट से डिंपल यादव 10404 वोटों से भाजपा के जयवीर सिंह से आगे चल रही हैं। डिंपल यादव शुरू से ही बढ़त बनाए हुए हैं।
09:01 AM, 04-Jun-2024
डिंपल यादव निकलीं आगे
मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए मतगणना का शुरुआती रुझान आ चुका है। सपा की डिंपल यादव 8034 वोटों से आगे चल रही हैं।
08:19 AM, 04-Jun-2024
मैनपुरी में डाक मतपत्रों की गिनती शुरू
मैनपुरी में डाक मतपत्रों की गिनती शुरू हो गई है। इनकी गिनती पूरे होते ही ईवीएम खुलना शुरू हो जाएंगे। शुरूआती रुझान में डिंपल यादव ने बढ़त बना ली है।
08:01 AM, 04-Jun-2024
मुख्य मुकाबले से बाहर हैं अन्य प्रत्याशी
वैसे तो मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा और भाजपा के अलावा बसपा प्रत्याशी शिवप्रसाद यादव समेत कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा में ही है। बसपा भी इस मुख्य मुकाबले से बाहर है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों का भी वर्चस्व इस चुनाव में न के बराबर ही रहने की संभावना है।
07:58 AM, 04-Jun-2024
मैनपुरी जीतने का सपना नहीं हुआ पूरा
दूसरी तरफ भाजपा है, जो आज तक कभी मैनपुरी जीतने का सपना पूरा नहीं कर सकी। इस बार कमल खिलाने के लिए योगी सरकार के मंत्री जयवीर सिंह को भाजपा ने माली बनाया है। उन्होंने पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा। वह अपनी जीत का दावा भी कर रहे हैं। अगर भाजपा को यहां से जीत मिली तो तीन दशकों की हार की जो कसक है वह दूर हो जाएगी। इसके साथ ही सपाई दुर्ग पर भगवा फहराएगा।
07:35 AM, 04-Jun-2024
अडिग रहा सपाई गढ़
दरअसल सपा के गठन के बाद से मुलायम की बादशाहत इस सीट पर कामय रही। कमल यहां हर बार साइकिल से रौंदा जाता रहा। 2014 और 2019 की मोदी लहर में भी ये सपाई गढ़ अडिग रहा। ऐसे में अब इस दुर्ग की कमान डिंपल यादव के हाथ में है। इस चुनाव में अगर उनकी जीत होती है तो ये दुर्ग फिर से एक बार अजेय हो जाएगा।
07:29 AM, 04-Jun-2024
सबसे पहले डाक मतपत्र की गिनती
मैनपुरी लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी। सबसे पहले डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) गिने जाएंगे। इसके बाद ईवीएम से गिनती शुरू होगी। मंडी समिति में मतगणना के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बीड़ी, सिगरेट, ज्वलनशील पदार्थ, हथियार ले जाने पर रोक है। स्ट्रांग रूम से ईवीएम लाने से लेकर मतगणना टेबल तक की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
