संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Fri, 12 Jan 2024 12:23 AM IST

बैठक करते डीएम
अमेठी सिटी। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सिस्टम इंटीग्रेटर संस्थाओं द्वारा नवीन ई-पॉस मशीन एवं ई-कांटा के माध्यम से खाद्यान्न वितरण को लेकर बैठक हुई। इसमें कार्ययोजना बनाकर कोटेदारों को प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया।
जिला पूर्ति अधिकारी नीलेश उत्पल ने बताया कि सिस्टम इंटीग्रेटर द्वारा ई-पॉस मशीन एवं ई-कांटा जनपद में स्थापना व संचालन छह मार्च 2024 को उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन मशीनों से माह अप्रैल 2024 से खाद्यान्न वितरण का कार्य प्रारंभ होगा। सभी तहसीलों में स्ट्रांग रूम संबंधित उपजिलाधिकारियों द्वारा चयनित किया जाएगा। जिसमें नवीन ई-पॉस मशीन एवं ई-कांटों को सुरक्षित रखा जाएगा। ई-कांटे से लिंक ई-पॉस मशीनों के संचालन एवं रखरखाव के विषय में समस्त उचित दर विक्रेताओं का प्रशिक्षण जनपद में तहसीलवार चयनित स्थल पर किया जाएगा। इसके लिए सिस्टम इंटीग्रेटर द्वारा मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए जाएंगे।
विधिक बांट माप एवं विज्ञान विभाग से ई-कांटों की स्टैंपिंग कराकर एवं उचित दर विक्रेताओं का प्रशिक्षण पूर्ण कराने को कहा गया है। मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
