उरई। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने कलक्ट्रेट सभागार में गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा की। संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने लंबित काम को लेकर पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण देने को कहा। कार्यदायी संस्थाओं को एक सप्ताह के भीतर सभी चिन्हित सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य में ढिलाई या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए नामित नोडल अधिकारी स्थल निरीक्षण कर एक दिसंबर तक विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य लंबित है या प्रगति नहीं दिख रही, वहां का स्पष्टीकरण तत्काल प्रस्तुत करें। बैठक में सीडीओ केके सिंह, पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना समेत सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
