अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) से विशिष्ट बीटीसी वर्ष 1999, 2004, 2007 व 2008 बैच की अंकतालिकाएं गायब हैं। इससे बेसिक शिक्षा विभाग के करीब एक हजार शिक्षकों की नौकरी खतरे में पड़ सकती है। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि अंकतालिकाएं नहीं मिलीं तो शिक्षक आंदोलन करेंगे।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रसकेंद्र गौतम ने बताया कि डायट से वर्ष 1999, 2004, 2007 व 2008 में विशिष्ट बीटीसी करने वाले शिक्षकों की अंकतालिकाएं गायब हो गई हैं। सुप्रीम कोर्ट के टीईटी या सी-टेट अनिवार्य करने के बाद से शिक्षक आवेदन प्रक्रिया में जुटे हैं। जिन्होंने उक्त वर्ष में विशिष्ट बीटीसी किया था, वह अंकतालिका लेने पहुंचे डायट पहुंचे तो पता चला कि अंकतालिकाएं हैं ही नहीं। इससे शिक्षकों में बेचैनी है क्योंकि आवेदन 18 दिसंबर तक करना है।
उन्होंने बताया कि सी-टेट या टीईटी पास न करने पर शिक्षकों को बाहर करने की तैयारी है। 27 नवंबर से सी-टेट के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं जिसमें प्राप्तांक-पूर्णांक दर्ज करने हैं। जिस समय विशिष्ट बीटीसी की थी, उस समय सिर्फ प्रमाण-पत्र दिया था। अब ऑनलाइन आवेदन में अंकों की जरूरत पड़ रही है। अंकतालिका के अभाव में सी-टेट के लिए शिक्षक आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
वर्जन
अंकतालिकाएं चोरी नहीं हुई हैं। चूंकि पुराना रिकॉर्ड है, इसलिए किस अलमारी में रखा है यह पता नहीं चल रहा। मंगलवार को पूर्व और सेवानिवृत्त हो चुके कर्मियों को बुलाकर अंकतालिकाओं का पता लगाया जाएगा।
राजू राणा, डायट प्रधानाचार्य एवं जेडी
