
मां तुझे प्रणाम
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मां तुझे प्रणाम के तहत होने वाले अमर उजाला के इस आयोजन के प्रति लोगों में गजब का उत्साह है। लोग लगातार जुड़ रहे हैं और बेसब्री से आयोजन का इंतजार कर रहे हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी मशाल यात्रा के साथ-साथ देश भक्ति गीतों से जुड़ा रॉक बैंड कार्यक्रम शृंखला में शामिल है। जिसमें युवा सिंगर अतुल पंडित अपने बैंड के साथ प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन के तहत 15 अगस्त के दिन शहर के 30 से अधिक चौराहों पर एक साथ राष्ट्रगान भी तय है। इसके अलावा अन्य कार्यक्रम भी होंगे। अमर उजाला द्वारा 15 अगस्त पर मां तुझे प्रणाम के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें शहरवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। आजादी के अमृतकाल में इस बार यह आयोजन और वृहद रूप से आयोजित करने की तैयारी है। 10 अगस्त को मशाल यात्रा से इस आयोजन का आगाज होगा। रामघाट रोड के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से यह यात्रा शुरू होकर क्वार्सी चुंगी, केला नगर, मैरिस रोड चौराहा, लक्ष्मीबाई मार्ग, किशनपुर तिराहा से वापस रामघाट रोड होते हुए स्टेडियम पहुंचकर समाप्त होगी।
12 अगस्त को शहर का मुख्य सेंटर प्वाइंट चौराहा अतुल पंडित रॉक बैंड द्वारा देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान होगा। फिर 15 अगस्त को शहर के 30 से अधिक चौराहों पर एक साथ राष्ट्रगान किया जाएगा। इसके बाद स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि इस आयोजन का समापन कार्यक्रम इंटरस्कूल सिंगिंग प्रतियोगिता के साथ होगा। सालाना के इस महाआयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। शहर के तमाम स्कूल, सामाजिक संगठन इस आयोजन से जुड़ रहे हैं।
