मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में सरस्वती चौराहे पर स्थित एक बर्तन की दुकान से बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। दुकान मालिक राजेश गुप्ता के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोरों ने बंद दुकान का की छत तोड़कर अंदर घुसपैठ की और करीब 5 लाख रुपये नकद तथा एक लैपटॉप चुरा ले गए। सुबह जब राजेश गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें छत टूटी मिली और पैसे गायब मिले।
चोर अपने साथ सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी ले गए। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस और 112 इमरजेंसी को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने लिखित तहरीर दी है, जिसके आधार पर थाना गोवर्धन में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि अज्ञात चोरों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोवर्धन क्षेत्र में हाल के महीनों में चोरी की कुछ अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।