मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के विक्कमपुर कटया गांव में रविवार की रात नौ बजे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोहम्मद जमील (26) की मौत हो गई। वह अपने ससुराल आजमगढ़ जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली सरायसादी मकसूद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पिता मकसूद ने बताया कि उनका बेटा जमील बेंगलुरु में रहकर काम करते हैं। उनके ससुराल आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर नेवादा में किसी शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए 20 नवंबर को बंगलूरु से घर आए थे।

रविवार की रात वह बाइक से ससुराल जा रहे थे। रास्ते में चार पहिया अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

पिता ने बताया कि तीन साल पहले बेटे की शादी हुई थी, उनका दो साल का बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। पांच बेटों में दूसरे नंबर पर थे।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे वाहन का पता लगाया जा सके।



Source link