संवाद न्यूज एजेंसी

Trending Videos

ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) का नवनिर्मित भवन चिकित्सा शिक्षा विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी केके पांडेय की अध्यक्षता में भवन का हस्तांतरण किया गया। अब मंगलवार से एमबीबीएस प्रथम वर्ष का शैक्षिक सत्र शुरू होगा। अमरपुर स्थित भवन में कुछ कमियां होने के चलते मेडिकल भवन में ही कक्षाएं शुरू कराई जा रही हैं।

मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लंबे समय बाद कार्यदायी संस्था ने चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित कर दिया है। हालांकि, दोनों भवनों में कमियां पाई गई हैं। 33 कमियों को कार्यदायी संस्था द्वारा पूरा करने की शर्त के साथ भवन को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सुपुर्दगी में लिया है। मुख्यालय स्थित मेडिकल भवन में लिफ्ट मानक अनुरूप नहीं मिली। बिजली कनेक्शन भी नहीं हो सका है। लॉन्ड्री समेत अन्य कमियां भी मिली हैं। हाईवे किनारे स्थित अमरपुर मेडिकल कॉलेज भवन में विद्युत व पानी का कनेक्शन नहीं हुआ है। अब कार्यदायी संस्था इन कमियों को पूरा कराएगी।

बिजली-पानी के संकट से अमरपुर स्थित भवन में शुरू नहीं हो सकी पढ़ाई : मेडिकल कॉलेज में अब तक एमबीबीएस प्रथम वर्ष में 85 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। इन छात्रों की पढ़ाई अमरपुर स्थित भवन में शुरू होनी थी, लेकिन भवन में बिजली व पानी की सुविधा न होने से पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ललितपुर स्थित भवन में पढ़ाई शुरू कराने की तैयारियां शुरू की गई हैं। मंगलवार को पहले दिन एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू होंगी। इसी भवन में छात्रावास भी निर्धारित किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अमरपुर स्थित भवन में विद्युत व पेयजल कनेक्शन सुचारु होने के साथ ही कक्षाओं को वहां चलाया जाएगा।

ये रह गईं कमियां- आईसीयू वार्ड तैयार नहीं है।

– लिफ्ट मेडिकल के मानक अनुरूप नहीं है।

– मेडिकल की लॉन्ड्री तैयार नहीं।

– बिजली कनेक्शन 33 केवीए का नहीं।

– 3356 केवीए लोड के सापेक्ष दिया जा रहा 500 केवीए

– अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं।

– मशीनों के गारंटी कार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए।

– भवन व मशीनों की डेढ़ वर्ष की गारंटी कार्यदायी संस्था समेत अन्य कमी।

मेडिकल कॉलेज के दोनों भवनाें में कमियां पाई गई हैं। इन कमियों को कार्यदायी संस्था द्वारा पूरा करने की शर्त के साथ भवन को सीडीओ की अध्यक्षता वाली कमेटी के समक्ष सुपुर्दगी में लिया है। मंगलवार से एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।-डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *