Medical report will be available on line in 75 government hospitals in Uttar Pradesh.

प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : istock

विस्तार


सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है। इसी कड़ी में खून की जांच की सभी रिपोर्ट अब ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है। यह सुविधा प्रदेश के 75 सरकारी अस्पतालों में मिलने लगी है। जल्द ही अन्य अस्पतालों में भी यह सुविधा देने की तैयारी है।

लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल, लोकबंधु, सिविल अस्पताल, झलकारी बाई, रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल, ठाकुरगंज जिला अस्पताल और राम सागर मिश्रा अस्पताल में मरीजों को ऑनलाइन जांच रिपोर्ट मिल रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज व वाराणसी के चार-चार अस्पताल, अयोध्या व बस्ती के तीन-तीन, बलरामपुर, मऊ व बाराबंकी के दो-दो, आजमगढ़, बलिया, गोण्डा, जौनपुर, कुशीनगर, भदोही, चंदौली, रायबरेली, संतकबीरनगर, श्रावस्ती और सीतापुर के एक-एक अस्पताल में ऑनलाइन जांच रिपोर्ट भेजने की शुरूआत हो चुकी है।

इसी तरह सेंट्रल यूपी में कानपुर व महोबा के दो-दो, उन्नाव, उरई व मैनपुरी के एक-एक अस्पताल में यह सुविधा काम कर रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद व रामपुर के तीन-तीन, बरेली, इटावा, आगरा, फर्रुखाबाद, हाथरस, मुजफ्फरनगर, ललितपुर, मुरादाबाद के दो-दो और सीतापुर, अमरोहा, बदायूं, बिजनौर, कन्नौज, पीलीभीत, बुलंदशहर, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर के एक-एक अस्पताल में मोबाइल पर रिपोर्ट भेजने की सुविधा मरीजों को मिल रही है।

स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि सरकारी अस्पताल में लैब जांच की रिपोर्ट एसएमएस के जरिये मोबाइल पर उपलब्ध कराने की सुविधा से मरीजों को राहत मिलेगी। मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल में लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। अभी यह सुविधा 75 अस्पतालों में शुरू की गई है।

ऐसे मिलेगी ऑनलाइन रिपोर्ट

जब भी आप सरकारी अस्पताल इलाज के लिए जाते हैं और डाॅक्टर कोई जांच लिखते हैं तो खून का नमूना देने के लिए सरकारी लैब जाते हैं। यहां जैसे ही आप नमूना देंगे, आपका नाम व मोबाइल नंबर पंजीकृत कर लिया जाएगा। जांच रिपोर्ट तैयार होने पर आपको रिपोर्ट तैयार होने का मैसेज और फिर रिपोर्ट का लिंक भेजा जाएगा, जिसे आप अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *