दो माह पहले हुआ था विवाद
गोकलपुर निवासी मनीष प्रजापति का रविवार को जन्मदिन था। इसके लिए घर में ही कार्यक्रम रखा था। घर में केक काटने की तैयारी चल रही थी। तभी गांव का ही दीपू एक अज्ञात आरोपी के साथ घर के बाहर पहुंचा और मनीष को आवाज लगाकर बाहर बुलाया। आरोपी मनीष से दो माह पहले हुए झगड़े के संबंध में बात करने लगे। लेकिन मनीष ने जन्मदिन कार्यक्रम के बाद बात करने के लिए कहा तभी दो अन्य आरोपी शिवम व हर्ष बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे।
इलाज के दौरान मनीष ने तोड़ा दम
इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे हर्ष ने तमंचे से मनीष पर फायरिंग की। गोली लगने से मनीष लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। आरोपी मौके से भाग गए। परिजन मनीष को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा, सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी देहात ने बताया कि दो माह पूर्व दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में हत्या की गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मनीष समेत चार के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट
मनीष के गांव का ही हर्ष बीती 27 जनवरी को चचेरे भाई शिवम और दोस्त दीपांशु के साथ मेडिकल क्षेत्र के मकबरा डिग्गी में कुछ सामान खरीदने गया था। आरोप है कि यहां मनीष ने अपने साथी आयुष, विशाल और दीपक समेत करीब 20 अज्ञात के साथ मिलकर तीनों पर हमला कर दिया था। लोहे की रॉड और डंडों से बुरी तरह पीटा था। तीनों गंभीर घायल हो गए थे। हर्ष के पिता चंद्रपाल ने मेडिकल थाने में गैर इरादतन हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में समझौते के प्रयास चल रहे थे।
‘कफन का इंतजाम कर लेना, मनीष को गोली मारेंगे’
मनीष के बड़े भाई गगन ने बताया कि आरोपी कई दिन से मनीष को धमकी दे रहे थे। पुलिस के सामने भी आरोपियों ने धमकी दी थी। चौकी में मनीष के पिता को आरोपियों ने कहा था कि अपने बेटे के कफन का इंतजाम कर लेना, मनीष को गोली मारेंगे। आरोप है कि पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बजाय उल्टा उन्हें ही कहा था कि तुम गलत जगह फंस गए।




