हस्तिनापुर। मखदूमपुर गंगा मेले में श्रद्धालुओं को मोबाइल नेटवर्क की बदहाली से भारी परेशानी झेलनी पड़ी। भीड़ बढ़ने के साथ ही मोबाइल सेवाएं चरमरा गईं, जिससे लोगों का घर-परिवार से संपर्क टूट गया। जिला पंचायत के करीब 70 लाख रुपये के बजट से आयोजित मेले में प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है।

मेले के उद्घाटन के समय 20 नवंबर को मोबाइल नेटवर्क की गति बहुत कम थी। सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के गंगा घाट और मेला परिसर में पहुंचने पर नेटवर्क पूरी तरह फेल हो गया। अचानक भारी भीड़ जुटने से मौजूदा मोबाइल टावरों पर क्षमता से अधिक लोड पड़ा। इस कारण मोबाइल सेवाएं ठप हो गईं और श्रद्धालु फोन पर बात नहीं कर सके। उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और मोबाइल फोन लगभग निष्क्रिय हो गए। ऑनलाइन भुगतान और इंटरनेट से जुड़े कामकाज भी प्रभावित हुए।

वहीं, मेला परिसर में स्वच्छता और ‘नमामि गंगे’ अभियान के दावे बेसर साबित हुए। गंगा घाट और मेला क्षेत्र को साफ रखने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। पर्याप्त संख्या में डस्टबिन भी उपलब्ध नहीं कराए गए। श्रद्धालुओं को स्वच्छता संबंधी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।



Source link