06:23 PM, 12-May-2023
बिजनौर में विभाग पर अनावश्यक कार्य का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए संकुल शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को सामूहिक इस्तीफा सौंपा। शुक्रवार को संकुल शिक्षक खंड शिक्षा अधिकारी से मिले। शिक्षक संकुलों ने सामूहिक इस्तीफा खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा।
सभी शिक्षक संकुल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को लिखे पत्र में अपने इस्तीफे का कारण गलत समय पर न्याय पंचायत स्तरीय मीटिंग का आयोजन तथा मानदेय को समाप्त किया जाना बताया। शिक्षकों ने बताया कि शिक्षक संकुलों का पद दो वर्षों के लिए नियत किया गया था, परंतु आज तक नए चयन नहीं किए गए। इसका कारण यह है कि आज के समय में कोई शिक्षक संकुल बनने के लिए तैयार नहीं। आकू ब्लॉक के लगभग 50 शिक्षक संकुलों में से 29 शिक्षक संकुल ने अपना इस्तीफा खंड शिक्षा अधिकारी योगेश शर्मा को सौंपा। सामूहिक इस्तीफा सौंपने वालों में अंकित सिसोदिया, अवधेश प्रताप सिंह, हेमराज सिंह आर्य, वीरेंद्र सिंह चौहान, सलोनी, सुरेश चंद्र आदि शिक्षक मौजूद रहे। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि संकुल शिक्षकों ने इस्तीफा दिया है। शिक्षकों की हठधर्मिता नहीं चलने दी जाएगी।
06:22 PM, 12-May-2023
सहारनपुर में फुलास अकबरपुर गांव में वर्ष 2018 में मकान में गेट खोलने के विवाद में हुई व्यक्ति की हत्या के आरोप में शनिवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने फैसला सुनाते हुए पांच अभियुक्तों को आजीवन कारावास और 50-50 हजार रूपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
जिला शासकीय अधिवक्ता देवीदयाल शर्मा ने बताया कि फुलास अकबरपुर में 24 जून 2018 को अभियुक्त साजिद अपने मकान में गेट खोल रहा था। वहां रास्ते में पड़े मलबा को हटाने को लेकर साजिद की गांव के ही मो. आकिल पुत्र नाजिर हसन से कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद साजिद व अन्य अभियुक्तों ने तमंचों के साथ मो. आकिल के घर में घुसकर हमला कर दिया था। इस दौरान हुई फायरिंग में मो. आकिल के पुत्र हसीन के सिर में गोली लगने से मेरठ अस्पताल में उपचार दौरान मौत हो गई थी। मो. आकिल ने देवबंद कोतवाली मे रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा विवेचना उपरांत अभियुक्त साजिद, अब्दुल रऊफ व साबिर पुत्रगण आबुल, गुलफाम पुत्र अब्दुल हमीद व शादाब पुत्र अब्दुल रऊफ निवासी फुलास अकबरपुर के विरूद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। उक्त मामले का विचारण अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रहा था। न्यायाधीश निधि ने अभियोजन व बचाव पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद सभी पांचों अभियुक्तों को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास व 50-50 हजार रूपये के अर्थदंड से दंडित करने की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर प्रत्येक को छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
05:05 PM, 12-May-2023
मेरठ में सरधना क्षेत्र से एक दुखद खबर है। बताया गया कि हर्रा कस्बे में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान रजत (27) पुत्र वीरेंद्र चौहान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
03:27 PM, 12-May-2023
इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने मुकदमा दर्ज कराया कि बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे वह चुनाव ड्यूटी में वीर स्मारक इंटर कॉलेज, बड़ौत के पास पहुंचे तो स्कूल के बाहर भीड़ एकत्र थी। चुनाव आचार संहिता का हवाला देकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वहीं पर मौजूद निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र पुलिस से उलझ गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाने लगा। जितेंद्र ने अपने समर्थकों को स्कूल के गेट पर ही खड़े रहने को ही कहा। इसी मामले में यह कार्रवाई हुई है।
02:38 PM, 12-May-2023
मुजफ्फरनगर में खतौली क्षेत्र के गांव टिटौड़ा में विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए विवाहिता के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जलती चिता से विवाहिता का शव बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के गांव टूंडा निवासी सुनील ने बताया कि उसकी चचेरी बहन ललिता की शादी 25 साल पहले खतौली थाना क्षेत्र के गांव टिटौडा निवासी संजय भाटी के साथ हुई थी। शुक्रवार को ललित की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जब तक मायके पक्ष के लोग गांव में पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग उसकी अर्थी लेकर चल दिए। आरोप है मृतका की पीट-पीटकर हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ने मौके पर पहुंचकर जलती चिता की आग बुझाई और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए भिजवा दिया।
12:58 PM, 12-May-2023
बिजनौर के स्योहारा में ग्राम मुकरपुरी में एक बकायदार का विद्युत कनेक्शन काटने गई टीम के साथ मारपीट कर दी गई। इतना ही नहीं कुछ ग्रामीणों ने एसडीओ व जेई को भी घेर लिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजीव चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्युत कर्मियों को बचाया।
12:45 PM, 12-May-2023
सहारनपुर में रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव शेरपुर के पास देर रात किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार व्यक्ति की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, उमाही कला निवासी प्रदीप धीमान (45) पुत्र सोमप्रकाश धीमान कस्बे के इस्लामनगर रोड पर मोटरसाइकिल मिस्त्री का कार्य करता था। देर रात वह बाइक पर सवार होकर अपने गांव उमाही कला लौट रहा था। जैसे ही वह गांव शेरपुर के पास पहुंचा तो तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी रामपुर पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रदीप की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चौकी इंचार्ज आजाद सिंह ने बताया कि देर रात बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई। अभी तक यह मालूम नहीं हो पाया है कि बाइक सवार की टक्कर कैसे हुई है।
12:35 PM, 12-May-2023
Meerut News Live: सेना के जवान की मौत, हत्या मामले में 5 को उम्रकैद, शिक्षक संकुलों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
मेरठ में केएल इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा राधिका सिंघल 99.6, एमपीजीएस (MPGS) शत्रीनगर की इंशा अंसारी ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए। राधिका सिंघल के चार विषयों में 100-100 अंक हैं, जबकि राजनीति में 98 अंक मिले। राधिका मानविकी वर्ग की छात्रा है।
