
कार्यकर्ताओं से मिलते हुए राहुल
फुरसतगंज (अमेठी)। भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर अमेठी में पहुंचे सांसद राहुल गांधी का अलग ही अंदाज दिखा। तेंदुआ गांव में रात्रि विश्राम के बाद राहुल गांधी यहां से सड़क मार्ग से सुल्तानपुर गए। वहां पर दोपहर में हेलीकाॅप्टर से वापस आने के बाद फुरसतगंज हवाई अड्डे पर दो घंटे तक वह बैठे रहे। करीब 2.20 बजे बाहर निकले राहुल गांधी ने नहर कोठी चौराहे पर खड़े एक बच्चे को पास बुलाकर उसे टॉफी दी और काफिला आगे बढ़ गया।
मंगलवार की सुबह से तेंदुआ गांव स्थित विश्राम स्थल पर कांग्रेसी पहुंचने लगे। सिर्फ उन्हीं को अंदर जाने की अनुमति थी, जिनसे मिलने का कार्यक्रम पहले से तय था। कई चक्र की सुरक्षा जांच के बाद कुछ जा पाए तो कुछ बाहर ही रह गए। सुबह 9.50 बजे बाहर राहुल गांधी का काफिला सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गया। दोपहर में 12.20 बजे हेलीकाॅप्टर से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड्डयन अकादमी एयरपोर्ट, फुरसतगंज पर उतरे। हेलीकाॅप्टर से उतरने के बाद वह कुछ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठे रहे। दोपहर 2 .20 बजे पर एयरपोर्ट से बाहर निकले।
इसके बाद न्याय यात्रा जैसे ही नहर कोठी पर पहुंची, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता इंद्र प्रसाद माली, पवन शुक्ला, समर यादव, राजू गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े के साथ फूलों की बारिश कर स्वागत किया। यहां पर राहुल गांधी ने अंश गुप्ता को बुलाकर टाॅफी दी। इस मौके पर पवन यादव, सलीम, माइकल, छोटे लाल पाल, गंगा तिवारी, शाह मोहम्मद आदि मौजूद थे। इसके बाद काफिला रायबरेली के लिए निकल गया।
चुनाव लड़ने की मांग पर मुस्कुरा कर रह गए राहुल
अमेठी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी से मंगलवार को पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने तेंदुआ स्थित कैंप स्थल पर मुलाकात कर अमेठी से चुनाव लड़ने की एक स्वर में मांग उठाई।
मंगलवार की सुबह राहुल गांधी ने एक-एक कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर हालचाल लिया। मौजूद कार्यकर्ताओं ने अमेठी संसदीय सीट से राहुल गांधी से लोकसभा का चुनाव लड़ने की मांग उठाई। जिस पर सिर्फ राहुल गांधी मुस्कुराए।
कांग्रेसियों से जाना हाल
– कांग्रेस के डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि राहुल गांधी पहले जैसे अंदाज में और नए जोश के साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात किए। सभी से हाल-चाल जाना।
कांग्रेस नेता डॉ. देवमणि तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात हुई। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में उनको अमेठी से चुनाव लड़ने की बात कही। धर्मेंद्र शुक्ला और संजय पाठक ने बताया कि राहुल गांधी इस बार बदलाव जरूर करेंगे। कांग्रेस किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि राहुल गांधी से उनकी मुलाकात हुई।
अचानक बदला रूट
– पहले राहुल गांधी को हेलीकॉप्टर से सुल्तानपुर जाना था लेकिन, ऐन वक्त पर उनका रूट बदल गया। सड़क मार्ग से राहुल गांधी ने यह सफर पूरा किया। वापसी में वह हेलीकॉप्टर से आए। हालांकि इस दौरान प्रशासनिक अफसरों को काफी भागदौड़ करनी पड़ी।
