{“_id”:”69b86f2a00011d94ff0b172a”,”slug”:”menu-changed-in-hostels-for-students-lucknow-news-c-13-lko1096-1648383-2026-03-17″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Lucknow News: विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों में बदला गया मेन्यू”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

भाषा विश्वविद्यालय में बैठक करते छात्र और शिक्षक।
लखनऊ। गैस की किल्लत के बीच ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के छात्रावासों में खाने व नाश्ते का मेन्यू बदला गया है। मेस में विद्यार्थियों को सुबह के नाश्ते में बन मक्खन, फल, भीगे चने दिए जा रहे हैं, जबकि भोजन में सत्तु व लाई चने का विकल्प भी है। वहीं दाल-चावल न बनाकर खिचड़ी व तहरी परोसी जा रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि ये बदलाव इसी रविवार से किया गया है। अगर यही हाल रहा तो फिर दिक्कत होगी। विश्वविद्यालय के महिला छात्रावासों में 244 छात्राएं हैं, जबकि बॉयज छात्रावासों में 250 छात्र हैं। इस पर हॉस्टल प्रोवोस्ट डॉ. उद्यम सिंह ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी का हक नहीं मारा जा रहा है। इस समय गैस की किल्लत है इसलिए स्टॉक जल्दी न खत्म हो, इसे ध्यान में रखते हुए मेन्यू बदला गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के साथ हमने एक बैठक की थी। विद्यार्थियों ने लिखित रूप से सहमति भी दी है। विद्यार्थियों को नाश्ते में मीठा दही व मूंगफली भी दिया जा रहा है।
पुनर्वास विवि में पूड़ी सब्जी से चल रहा काम
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के छात्रावासों में विद्यार्थियों को भोजन में कभी पूड़ी-सब्जी तो कभी दाल-रोटी व खिचड़ी तहरी परोसी जा रही है। बीए के छात्र रजत वर्मा ने बताया कि पहले की तरह भोजन नहीं दिया जा रहा है। गैस कि किल्लत बताई जा रही है। इसे देखते हुए हम लोग भी चुप हैं। वहीं विवि के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि गैस कम खर्च हो, इसे ध्यान में रखा जा रहा है।
बीबीएयू में दी गई भट्ठी की अनुमति
बीबएयू में अलग-अलग छात्रावासों में 1500 विद्यार्थियों को भोजन परोसा जाता है। प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने बताया कि सिलिंडर की दिक्कत अभी नहीं है। यदि दिक्कत आई तो कोयले व लकड़ी की भट्ठी भी जलाने की अनुमति दे दी गई है।
