
कटरा में गर्मी से बचने के लिए ट्यूबवेल पर नहाते युवा। -संवाद
जेठ की तपती दोपहरी ने किया जनजीवन अस्तव्यस्त
संवाद न्यूज एजेंसी श्रावस्ती। तराई में मौसम का मिजाज पूरी तरह से गर्म हो चुका है। शनिवार को पारा 45 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच जाने से सड़कें व बाजार सूने दिखे। हालत ये है कि जेठ की तपती दोपहरी में छाया भी छांव की तलाश कर रही है। तपन का अहसास देर रात तक हो रहा है। इससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त है। दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
जेठ मास अब समाप्त होने को है। इसके बावजूद अब तक बरसात नहीं हुई। ऐसे में मौसम का मिजाज भी पूरी तरह से गर्म हो चुका है। सुबह से आग उगलने वाली सूरज की किरणों के कारण जनजीवन बेहाल है।
गर्मी का यह आलम है कि दोपहर में पेड़ पौधों के कोपले भी कुभंलाने लगे हैं। गर्मी व उमस से बेहाल लोग राहत की तलाश कर रहे हैं। ऐसे में जरूरी कामों से घर से बाहर निकलने वाले लोग भी राहत के लिए पेड़ की छांव का सहारा लेते देखे जा रहे हैं। बढ़ी मांग के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जरूरत के वक्त आपूर्ति बाधित होने से लोग न तो चैन की नींद सो पा रहे हैं। और न ही उन्हें घर में चैन ही मिल रहा है। ऐसे में राहत के लिए हर किसी को मौसम में बदलाव का इंतजार है। फिलहाल अभी बरसात की संभावना नजर न आने से लोग मायूस हैं। संवाद
