कासगंज। प्रधानाचार्य परिषद की बैठक बीएवी इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक में एक अगस्त को सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज में मध्याह्न भोजन खाकर बच्चों के बीमार पड़ने के मामले सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में एनजीओ के माध्यम से भोजन वितरण नहीं कराने का निर्णय लिया गया।परिषद के अध्यक्ष कैप्टन आलोक दुबे ने कहा कि एनजीओ के माध्यम से वितरित होने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता काफी खराब रहती है। भोजन खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शासकीय सहायता प्राप्त सभी 28 विद्यालयों ने एनजीओ के माध्यम से उपलब्ध होने वाले मध्याह्न भोजन को वितरित नहीं करने का निर्णय लिया है। यदि कोई अभिभावक अपनी जिम्मेदारी पर लिखित रूप से बच्चे के लिए मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराएगा, उसके बाद ही बच्चे को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।महामंत्री डीएस पाल ने कहा कि वित्त विहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकों के नियुक्ति पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रति हस्ताक्षरित कराने, यू-डायस फीडिंग कार्य को सरलीकरण कराने, वित्त विहीन शिक्षकों को शासकीय प्रशिक्षण प्रदान कराने, वित्त विहीन शिक्षकों को वेतन को खाते में भेजे जाने, वित्त विहीन स्कूलों के बच्चों को निशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने आदि विषय पर भी चर्चा की गई। बैठक में नवनियुक्त प्रधानाचार्य कवीश गुप्ता, सचिन कुमार, सचिद्दानंद गंगवार, आरए हाशिमी का सम्मान किया गया। इस दौरान एदल सिंह, संजीव कुमार, सोमवती शर्मा, एचपीएन दुबे, कृष्णेंद्र कुमार, राम करन राज, आलोक जौहरी, हरी सिंह आदि मौजूद रहे।
