
मुरादाबाद में महिला को दिया तीन तलाक
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
कटघर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2022 में उसकी शादी संभल निवासी युवक के साथ हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद ही पति, सास, ननद दहेज के लिए उसे परेशान करने लगीं। बहनोई और भाई देवर उस पर गलत नजर रखने लगे। पति ने उसके आपत्तिजनक फोटो खींच लिए थे। उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी।
महिला ने विरोध किया तो 30 अगस्त 2023 को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करके घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके में आकर रहने लगी। 10 सितंबर को 2023 को पति और उसके परिजन मायके आ गए। वह उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगे।
विरोध करने पर उसे बुरी तरह से पीटा। आरोप है कि दुपट्टे से उसका गला घोंटने का प्रयास किया गया। इस दौरान पति ने तीन तलाक देकर उससे संबंध खत्म कर लिया और जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।