
मौके पर जांच करती पुलिस(FILE)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नंदनगर निवासी अतुलेश कुमार ने रविवार रात जहर खा लिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के भाई ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्षद के बेटे की पिटाई के कारण चालक क्षुब्ध हो गया था।
इसी कारण उसने जान दी है। परिजनों का दावा है कि अतुलेश नगर निगम के एक अधिकारी की गाड़ी चलाता था। थाना सिविल लाइन के नंदनगर नया गांव में अतुलेश कुमार परिवार के साथ रहता था। उसके भाई अनुज ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे शहर से लौटते समय पार्षद के बेटे से उसकी रास्ते में मुलाकात हो गई।
चालक ने उससे मोहल्ले में सफाई ठीक तरह से नहीं होने के बारे में बताया। आरोप है कि इसके बाद पार्षद का बेटा 10-12 लोगों के साथ अतुलेश के घर आ गया। उसने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। अतुलेश की पत्नी ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
भाई अनुज का कहना कि इस घटना से क्षुब्ध होकर अतुलेश ने घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। थोड़ी देर में ही उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल गए। जहां उपचार के दौरान देर रात करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। भाई का आरोप है कि पार्षद के बेटे की प्रताड़ना से तंग आकर चालक ने जान दी है।
