मुरादाबाद मंडल के डीआरएम की निरीक्षण ट्रेन से कटकर ट्रैकमैन की जान चली गई। निरीक्षण ट्रेन गजरौला जा रही है। बताया जाता है कि ट्रेन की गति तेज होने के कारण ट्रैकमैन को इसका पता नहीं चल पाया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद डीआरएम राजकुमार सिंह की निरीक्षण ट्रेन से कटकर ट्रैकमैन निशांत की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह आठ बजे हकीमपुर स्टेशन यार्ड के पास की है। डीआरएम निरीक्षण ट्रेन से गजरौला जा रहे थे। इसी बीच 32 वर्षीय ट्रैकमैन हकीमपुर रेलवे स्टेशन के पास अपने काम में मशगूल था।
निरीक्षण ट्रेन की गति तेज थी। ड्राइवर ने हार्न भी बजाया लेकिन जब तक ट्रैकमैन संभल पाता तब तक हादसा हो चुका था। इस मुद्दे को लेकर कर्मचारी संगठनों में रोष व्याप्त है। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन का कहना है कि ट्रैकमैन की नियुक्ति को सिर्फ चार महीने हुए थे।
सीनियर ट्रैकमैन जिनका ग्रेड पे 2400 व 2800 तक है, वह सभी कार्यालयों में काम कर रहे हैं। बिना अनुभव वाले कर्मचारियों को ट्रैक पर लगाया जा रहा है। संगठनों ने ट्रैकमैन के परिवार को मुआवजा व अनुकंपा के आधार पर परिजन को नौकरी देने की मांग की है। डीआरएम ने घटना पर दुख जताया है।
