
मुरादाबाद में युवक की डूबने से मौत
– फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद के रामगंगा विहार स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक की नहाने के दौरान रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक की पहचान विवेक के रूप में हुई है, जो अवंतिका कॉलोनी का निवासी था। वह अपने परिजनों के साथ एक स्थानीय युवक के शव दहन के लिए वहां आया था।
नहाने के दौरान अचानक नदी में चला गया और लापता हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, विवेक को पानी में संघर्ष करते हुए देखा गया, लेकिन उसे बचाने के प्रयास असफल रहे। उसकी चप्पल और टी-शर्ट नदी के किनारे पड़ी मिलीं हैं।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी देने के लिए पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगने के कारण समय पर सहायता नहीं मिल सकी। दुखद घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामनगर चौकी के अंतर्गत हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ के जवान युवक की तलाश कर रहे हैं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
