भोगांव। महज पांच हजार रुपये के विवाद को लेकर आरोपी ने मां की ईंट से कूंच कर हत्या कर दी। घटना को जीटी रोड के पास अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुए हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Trending Videos

थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगत नगर निवासी शकुंतला देवी उर्फ सगुना (60) ने कुछ दिन पहले जीटी रोड स्थित ईदगाह के सामने एक मकान की 10.20 लाख रुपये में बिक्री की थी। बिक्री के बाद मिले रुपये को अपने दोनों बेटों को दे दिया था। कुछ रुपया अपने पास रखा था। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे बड़ा बेटा विजय उर्फ बबलू शकुंतला के पास आया और 5 हजार रुपये की मांग करने लगा। जिस पर मां ने कहा कि अभी तो मकान बिक्री कर उसे रुपये दिए हैं। अब उसे 5 हजार रुपये की क्या जरूरत आन पड़ी। इस बात को लेकर आरोपी आग बबूला हो गया और मां से झगड़ा करने लगा। शकुंतला गुस्से में उठ कर ईदगाह के पास स्थित अपने दूसरे मकान की ओर जाने लगी। तभी गुस्से में विजय भी पीछे चल दिया और जीटी रोड पर ईदगाह स्थित घर से कुछ दूरी पर मां को रोक कर सिर पर ईंट से वार कर दिया। मां जमीन पर गिर गई तो आरोपी ने सिर पर कई वार किए। जिसके चलते शकुंतला देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

दिनदहाडे़ हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शकुंतला देवी की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में चीख पुकार मची है।

रुपये के लेनदेन को लेकर हुए झगडे़ के बाद आरोपी ने मां की हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। – विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक, मैनपुरी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *