मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम लोकापुर विशानी में बड़े बेटे ने पिता राम सिंह पटेल (55), बहन साधना देवी (24) और भांजी आस्था (14) को कुल्हाड़ी से काटकर शव को गांव के एक कुएं में फेंक दिया। तीनों शुक्रवार रात से लापता थे। आरोपी बेटे मुकेश कुमार ने 10 बिसवा जमीन के लिए वारदात को अंजाम दिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला।
वहीं, इसी संपत्ति के विवाद में शनिवार दोपहर आरोपी ने अपने छोटे भाई मुकुंद लाल पटेल को गोली मार दी थी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गया था। पता चला कि घटना के एक दिन पहले मुकुंद के पिता राम सिंह, बहन साधना देवी और भांजी आस्था घर में ताला बंद कर कहीं चले गए। मामले में रविवार को मुकुंद ने बड़े भाई पर आशंका जताते हुए मऊआइमा थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार पुलिस ने आरोपी मुकेश को जिला न्यायालय के पास से पकड़ा तो मामले का खुलासा हो गया। उसने बताया कि पिता राम सिंह से चार बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
उन्होंने छोटे बेटे मुकुंद के नाम पर जमीन लिख दी। इसी में से वह 10 बिसवा जमीन अपने नाम करवाना चाहता था लेकिन पिता ने जमीन देने से इन्कार कर दिया। इसी बात को लेकर पिता से वह नाराज हो गया। शुक्रवार रात वह पिता राम सिंह की हत्या करने गया घर गया था। सो रहे पिता का गला दबाकर मारने का प्रयास किया तो बहन साधना और बड़ी बहन किरण की बेटी आस्था ने देख लिया। उन्होंने बीच बचाव किया तो पास पड़ी एक कुल्हाड़ी से तीनों की हत्या कर दी।
