झांसी। प्रीति हत्याकांड का मुख्य आरोपी राम सिंह एवं उसके साथ देने के आरोप में बेटे नितिन एवं पत्नी गीता रायकवार को न्यायालय ने जेल भेज दिया। तीनों को झांसी जिला जेल में रखा गया है। गीता रायकवार को जहां महिला सेल में रखा गया है वहीं राम सिंह एवं नितिन को भी अलग-अलग बैरकों में रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को आशंका है कि अगर तीनों को एक साथ रखा गया तो वे आपस में बयान मिलाकर जांच को प्रभावित कर सकते हैं। पुलिस ने अभी तीनों के बयान दर्ज नहीं किए हैं।
विवेचक उनका बयान अभी दर्ज करेंगे। तीनों के बयान अलग-अलग दर्ज होंगे। उनका आपस में मिलान कराया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि हत्या और सबूत मिटाने की साजिश में किसकी भूमिका कितनी थी। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि सबूत मिटाने के लिए लकड़ियां मंगाने और बक्सा खरीदने में बेटे की भूमिका कितनी थी और क्या उसे घटना की जानकारी पहले से थी। वहीं, गीता की भी पूरी भूमिका खंगाली जा रही है।
आरोपी राम सिंह ने पुलिस को बताया था कि गीता भी इस साजिश में शामिल थी। पुलिस भी अब अपने मुताबिक इसे क्रॉस चेक करने में जुटी है। ब्यूरो
