मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन निवेश के नाम पर मुनाफा कमाने का लालच देकर व्यापारी समीर से से 8.70 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अपराधियों ने व्यापारी को एक वेबसाइट के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में 40 ऑनलाइन लेनदेन कराकर उसके बैंक खाते से 8,70,852 रुपये की रकम स्थानांतरित करा ली। रकम वापस निकालने का प्रयास करने पर आरोपियों ने और अधिक निवेश करने का दबाव बनाया।

साउथ सिविल लाइन निवासी व्यापारी समीर ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर उसे ऑनलाइन निवेश के लिए प्रेरित किया था। इसके लिए उसे एक वेबसाइट के माध्यम से निवेश करने को कहा गया।

आरोपियों के झांसे में आकर उसने दो नवंबर से 12 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 40 ऑनलाइन लेनदेन किए। इस दौरान उसने 8,70,852 रुपये निवेश कर दिए।

निवेश की गई रकम का विवरण उसे अपने खाते में दिखाई दे रहा था लेकिन जब उसने अपनी धनराशि वापस निकालने का प्रयास किया तो रकम नहीं मिली। इसके उलट संबंधित व्यक्तियों की ओर से बार-बार और अधिक धनराशि निवेश करने के लिए कहा जाने लगा। इससे उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की धारा 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना निरीक्षक प्रदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबरों, वेबसाइट और बैंक खातों के माध्यम से हुए 40 संदिग्ध लेनदेन की जांच करेगी। पीड़ित की पौन दो लाख रुपये की धनराशि होल्ड कर दी गई है।



Source link