आगरा। श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर 14 दिसंबर को विशाल नगर कीर्तन आयोजित होगा। यह गुरुद्वारा माईथान से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा गुरु का ताल पर समाप्त होगा। रूट प्लान, व्यवस्थाओं के बारे में शुक्रवार को गुरुद्वारा माईथान में बैठक की गई।
बैठक में समस्त गुरुद्वारों की प्रबंध कमेटियों एवं सिख संस्थाओं के पदाधिकारियों ने विचार रखे। प्रधान कंवलदीप सिंह और हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन गुरुद्वारा माईथान से घटिया, हरीपर्वत, एमजी रोड, बाग फरजाना से खंदारी बाईपास होते हुए गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचेगा। सभी गुरुद्वारा प्रमुख अपने रागी जत्थों व संगत के साथ शामिल होंगे। गुरु तेग बहादुर साहिब के साथ भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाल की शहादत की तीन झांकियां मुख्य आकर्षण होगी।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने कहा कि रंजीत अखाड़ा की ओर से नगर कीर्तन में सिख मार्शल आर्ट गतका के माध्यम से शौर्य का प्रदर्शन करेगा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की फूलों से सजी पालकी और उसके आगे पंच प्यारे की झांकी संगत में आस्था का संचार करेंगी। बैठक में चेयरमैन परमात्मा सिंह अरोड़ा, वीर महेंद्र पाल सिंह, महंत हरपाल सिंह, नरेंद्र सिंह ललिया, हरपाल सिंह, रमन साहनी, परमजीत सरना, दलजीत सिंह सेतिया, बंटी ओबेरॉय, हरजिंदर सिंह, प्रवीण अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
