आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रामबल में नाली बनाने पर पड़ोसियों में विवाद हो गया। इस दाैरान एक पक्ष के 70 वर्षीय कप्तान सिंह की जान चली गई। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। डीसीपी पूर्वी जोन सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गांव गढ़ी रामबल निवासी होतीलाल-डोरीलाल सगे भाई हैं। उनके पड़ोस में कप्तान सिंह का परिवार रहते है। दोनों के मकान के बीच में खरंजा बना हुआ है। इससे नाली निकालने के लिए 15 दिन से दोनों परिवार में विवाद चला आ रहा था। रात तकरीबन 9 बजे होतीलाल और कप्तान के परिवार के लोगों में फिर से विवाद हो गया।
बात बढ़ने पर गालीगलाैज होने लगी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि तभी कप्तान सिंह ने सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद वह गिर पड़े। यह देखकर अफरातफरी मच गई। परिजन कप्तान सिंह को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उधर, कप्तान सिंह के भतीजे तुकमान ने आरोप लगाया कि ताऊ को धक्का दे दिया था। इस वजह से उनकी जान चली गई। सूचना पर एसीपी शमसाबाद अमीशा सिंह पहुंच गए। उन्होंने जांच की। डीसीपी पूर्वी जोन ने बताया कि नाली निकालने पर विवाद हुआ था। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।