आगामी वर्ष 2026 में प्रदेश को 1200 से अधिक पीसीएस अधिकारी मिल जाएंगे। पीसीएस-2024 के 947 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। जिसकी मुख्य परीक्षा का परिणाम नवंबर के आखिरी या दिसंबर के पहले पखवाड़ा में आने की उम्मीद है। वहीं, पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम भी नवंबर में संभावित है। 200 पदों पर भर्ती की चयन प्रक्रिया चल रही है। आयोग के सूत्र के मुताबिक यह पद बढ़कर 250 से अधिक हो सकते हैं। इन दोनों भर्तियों को मिलाकर वर्ष 2026 में प्रदेश को 1200 से अधिक पीसीएस अफसर मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से वर्तमान में पीसीएस-2024 और 2025 की भर्तियां प्रक्रिया में हैं हालांकि 2024 की भर्ती इसी वर्ष पूरी हो जानी थी लेकिन आरओ-एआरओ-2023 प्रारंभिक परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से प्रक्रिया में देरी हुई। साथ ही पीसीएस-2024 की प्रारंभिक परीक्षा मार्च की बजाय दिसंबर में हुई। पीसीएस-2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन अंतिम चरण में है। आयोग सूत्र के अनुसार स्क्रूटनी का काम जारी है। एक से डेढ़ महीने में परिणाम घोषित किए जा सकते हैं। परिणाम के बाद करीब एक महीने में अभ्यर्थियों से पदों के सापेक्ष विकल्प लिए जाएंगे। इसके बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।