
सड़क हादसे में बुजुर्ग की गई जान
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गोरखपुर के बेलीपार थाना इलाके के बरईपार मोड़ के सामने सर्विस रोड पर सड़क पार करते समय एनएचएआई के रोड लेवलर से कुचलकर बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने लेवलर लेकर मौके से भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सुपुर्द कर दिया। सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, बेलीपार थाना क्षेत्र के बरईपार निवासी 75 वर्षीय केशवधर दुबे शनिवार दोपहर में बगल के गांव चंदौली जाने के लिए रोड पार कर रहे थे। उसी दौरान गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से लगे डंवरपार बाजार के सर्विस रोड पर कार्य कर रहे रोड लेवलर के ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक तेज गति से गाड़ी बैक कर दिया। इससे बुजुर्ग लेवलर के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक, लेवलर को लेकर भागने लगा। इस दौरान ग्रामीण एकत्र हो गए थे और वे भाग रहे चालक का पीछा करने लगे। करीब दो किलोमीटर के बाद चालक को लेवलर के साथ पकड़ लिया। केशवधर दुबे के तीन पुत्र हैं।
सामने ही तड़प रहे थे केशवधर, अस्पताल ले जाने से पहले ही चली गई जान
बेलीपार के बरईपार में सर्विस लेन पर केशवधर की मौत से आसपास के लोग भी सहम गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने अचानक ही रोड लेवलर मशीन को पीछे कर दिया, जिस वजह से केशवधर को बचने का मौका ही नहीं मिला। सब लोग दौड़े भी, जान बचाने के लिए अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी बुला ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई। केशवधर की मौत की खबर सुनकर गांव में रहने वाला बेटा भी आ गया।
