फतेहपुर/बकेवर। थाना पुलिस ने क्षेत्र के मझिलेगांव में पहुंच कर जुआ खेल रहे नौ आरोपियों को 1.54 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की। कुछ आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
थाना अध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को मंझिले गांव के पास मौजूद अर्जुन के बगीचा में जुआ खेलने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जुआ खेल रहे बकेवर थाना क्षेत्र के गांव मंझिलेगांव निवासी सुनील उत्तम, गांव रामपुर निवासी मानसिंह, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गांव बडौरी निवासी मुकेश कुमार, अमित, गजेंद्र, मौहार गांव निवासी विकास, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनखेड़ा निवासी पवन कुमार, गांव सीतापुर निवासी अंशुल और फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,54,060 रुपये बरामद किए। इसके अलावा आठ मोबाइल फोन, ताश की गड्डी और एक बाइक मिली। पुलिस ने बाइक सीज कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।
नौ दिन बाद मिला लापता युवक
बिंदकी। कोतवाली क्षेत्र के मूंज का पुरवा गांव निवासी 26 वर्षीय इंद्रपाल पुत्र संदीप अचानक 15 जनवरी को कहीं चला गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने थाने पहुंच कर गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार को गांव के कुछ लोगों ने बकेवर कस्बे के समीप युवक को देखा। जिस पर कोतवाली पुलिस ने बकेवर कस्बे पहुंच कर युवक को खोज लिया और परिजनों के सुपुर्द किया। संवाद
