चौबीस घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम, मिलेगा सही जवाब भी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अब बिजली विभाग के कंट्रोल रूम पर 24 घंटे शिकायतें सुनी जाएंगी और तैनात कर्मी संतोषजनक जवाब देंगे। वहीं, जेई, एसडीओ व अधिशासी अभियंता बिजली आपूर्ति गुल होने और आपूर्ति सुचारु होने की संभावित सूचना कंट्रोल रूम को देंगे। इससे शिकायतकर्ता को कंट्रोल रूम से सही जानकारी मिल सकेगी। विगत दिनों शहर में तीन दिन तक बिजली का विकट संकट हुआ। सब स्टेशन की रिले, फाल्ट व ट्रांसफार्मर को सही करने में व्यस्तता होने की वजह से जेई, एसडीओ और अधिशासी अभियंताओं ने फोन उठाने में कोताही की। वहीं, जिम्मेदार अधिकारियों से सही सूचना नहीं मिलने की वजह से कंट्रोल रूम पर कार्यरत कर्मियों ने फोन उठाने में कंजूसी कर दी या मोड बदलकर बिजी कर दिया। कहीं भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जनता का गुस्सा फूटा और सड़क पर उतरने लगा। इससे सबक लेकर अधिकारियों ने जिम्मेदारी तय कर दी है।
अधीक्षण अभियंता चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि जैसे ही किसी क्षेत्र की बिजली गुल होती है, वैसे ही जिम्मेदार लाइनमैन, जेई, एसडी आदि कंट्रोल रूम को फोन करके बताएंगे कि समस्या क्या हुई है। समस्या का निदान करके कितने समय में बिजली आपूर्ति सुचारु होगी ताकि कंट्रोल रूम पर फोन करने वाले लोगों को हकीकत पता चले सके। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था दो दिन के अंदर चालू कर दी जाएगी।
