– गांव बूढ़ा से बेहटा तथा झांसी-शिवपुरी मार्ग पर नहर के दोनों तरफ मार्ग निर्माण व प्रकाश व्यवस्था होगी
– मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई जेडीए की 87वीं बोर्ड बैठक में रखे 13 एजेंडे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अब पेट्रोल पंप के लिए प्लॉट साइज की बाध्यता खत्म हो गई है। छह से 20 कमरे के होटल में भी भूखंड साइज अनिवार्य नहीं। हां, 20 से अधिक कमरे के होटल के लिए 500 वर्ग मीटर होनी चाहिए। गांव बूढ़ा से बेहटा (जेडीए सीमा) तथा झांसी-शिवपुरी मार्ग पर नहर के दोनों तरफ (पांच किमी.) मार्ग निर्माण व प्रकाश व्यवस्था होगी।
ये फैसले बृहस्पतिवार को आयुक्त सभागार में हुई झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) की 87वीं बोर्ड बैठक में लिए गए। इसकी अध्यक्षता मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने की। बैठक में प्राधिकरण ने 13 एजेंडे रखे। सर्वप्रथम वर्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में 305.15 करोड़ आय और 283.50 करोड़ रुपये व्यय का बजट स्वीकृत हुआ। इसके बाद शासन द्वारा पेट्रोल पंप व फिलिंग स्टेशन के लिए जारी निर्माण व विकास उपविधि में संशोधन को स्वीकृत किया गया।
इसके तहत अब पेट्रोल पंप व फिलिंग स्टेशन के लिए प्लॉट साइज की बाध्यता नहीं होगी। तय हुआ ओएमसी (ऑयल मार्केटिंग कंपनी) द्वारा निर्धारित प्लॉट पर ही स्वीकृति होगी। वहीं, होटल निर्माण के नियम को शिथिल किया गया। इसके तहत छह से 20 कमरे तक के होटल के लिए भूखंड साइज की बाध्यता नहीं होगी। 20 से अधिक कमरों के होटल के लिए न्यूनतम भूखंड 500 वर्ग मीटर होना चाहिए। राजस्व गांव बूढ़ा (एनएच-44) से बेहटा (जेडीए सीमा) (करीब 7.60 किमी) तक 63 करोड़ रुपये में सड़क चौड़ीकरण व प्रकाश व्यवस्था का प्रस्ताव शासन को भेजने पर सहमति हुई। झांसी-शिवपुरी मार्ग पर नहर के दोनों तरफ (करीब 10 किमी.) 50 करोड़ रुपये में मार्ग निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था का प्रस्ताव भी शासन को भेजने पर सहमति बनी।
मेडिकल कॉलेज कैंपस में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए 30.75 करोड़ स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजना तय हुआ। इस पार्किंग में 200 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा बेतवा विहार कॉलोनी में छूटे भूखंड अधिग्रहण करने का प्रस्ताव मंजूर हुआ। महायोजना 2031 में नगर पार्क की भूमि को आवासीय किये जाने के लिए इन्वायरमेंन्टल मिटिगेशन प्लान तैयार कराने की सहमति बनी। इसमें डीएम अविनाश कुमार, जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव, नगरा आयुक्त सत्यप्रकाश, जेडीए सचिव उपमा पांडेय, जेडीए बोर्ड सदस्य संजीव श्रृंगीऋषि, सुबोध गुबरेले आदि मौजूद रहे।
::::
नगर निगम सदन की स्वीकृति पर मिलेगी जेडीए को जमीन
झांसी। जेडीए ग्वालियर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर बनाने का काम कर रहा है। इसके लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। खास बात यह है कि जमीन अधिग्रहण के दौरान कई भूखंड छूट गए थे। बोर्ड की बैठक में छूटे भूखंडों को अधिग्रहण करने पर चर्चा हुई। इस पर मौजूद नगर आयुक्त ने कहा निगम सदन में मंजूर होने के बाद ही जेडीए को भूखंड अधिग्रहित कराए जा सकेंगे। ब्यूरो
