
वैलेंटाइन डे।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
फरवरी को प्यार का महीना माना जाता है। वेलेंटाइन डे को लेकर युवा दिलों की धड़कनें तेज हो गई हैं। जिस दिन का इंतजार युवा प्रेमियों को था, वो दिन आज आ ही गया। युवा आज अपने प्यार का इजहार करेंगे। कुछ युवा जहां खुलकर अपना प्यार प्रदर्शित करेंगे तो कुछ बंदिशों के चलते चोरी-छिपे ही अपने प्यार का इजहार करेंगे।
युवा प्रेमियों के लिए बेहतरीन मौका है। इस बार स्कूल-कॉलेज भी खुलेंगे। शहर में नुमाइश का आयोजन भी युवा जोड़ों के लिए मुफीद साबित हो रहा है। वेलेंटाइन डे को लेकर 13 फरवरी को पूर्व संध्या पर बाजार गुलजार रहे। बड़ी संख्या में युवाओं ने गिफ्ट एवं कार्ड गैलरियों में जाकर खरीदारी की। बाजारों में इस बार वेलेंटाइन डे को लेकर कई प्रकार के नए उपहार और कई वस्तुएं हैं, जिन्हें युवा खूब पसंद कर रहे हैं। सुंदर बॉक्स, स्क्रैप बुक्स, टेडी, कार्ड और विशेषकर गुलाब के फूल को खास तरीके से तैयार किया गया है। युवक-युवतियों ने न सिर्फ अपने साथियों के लिए उपहार खरीदे हैं, बल्कि कार्ड में कविता और अल्फाजों के रंगों को भी शामिल किया है।
वेलेंटाइन डे वीक की शुरूआत रोज डे से शुरू हुई। वेलेंटाइन डे की पूर्व संध्या पर ही सुर्ख गुलाब खासा भाव खाने लगा है। गिफ्ट गैलरियों में भी युवाओं ने पहुंचकर जमकर खरीदारी की। रामघाट रोड, सुदामापुरी, अचल ताल, महावीरगंज, कनवरीगंज, कुलदीप बिहार आदि कॉलोनियों में स्थित गिफ्ट गैलरियों में युवाओं की काफी भीड़ देखी गई। होटल, रेस्टोरेंट में इसकी अग्रिम बुकिंग कर ली गई है। होटल, रेस्टोरेंट, मॉल में वेलेंटाइन डे को लेकर खासी तैयारी की गई हैं।
