
सीएचसी में घायल का इलाज करते डॉक्टर
अमेठी/जगदीशपुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
जगदीशपुर के गांव बाबूपुर सरैया निवासी राम बरन (35) बुधवार की सुबह जगदीशपुर जायस मार्ग पर साइकिल से जा रहे थे। रास्ते में आनंद नगर के पास ट्रक ने रामबरन की साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में रामबरन की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवारी जनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं दूसरी घटना कोतवाली अमेठी के बाईपास की है। थाना क्षेत्र के गांव महमदपुर निवासी हरिकेश गौतम बुधवार की सुबह बाइपास के किनारे स्थित अपनी भूमि पर मकान निर्माण करवा रहे थे। वह सड़क किनारे कुर्सी पर बैठे थे। तभी अनियंत्रित पिकअप उनको रौंदते हुए उनके निर्माणाधीन मकान में घुस गई। घटना में हरिकेश गौतम और पिकअप चालक अमेठा निवासी कृष्णा घायल हो गया। घटना में हरिकेश का पुत्र आशीष बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हरिकेश की हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जगदीशपुर प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, चालक फरार है। वहीं, अमेठी प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
