
नदी के किनारे लगी ग्रामीणों की भीड़
– फोटो : amar ujala
विस्तार
गोंडा जिले के तरबगंज तहसील के सोनौली मोहम्मदपुर में लोनियनपुरवा गांव के पास सरयू नदी में एक महिला की डूबने से मौत हो गई। गांव की अपनी चाची के साथ किशोरी बकरी चराने के लिए नदी के किनारे गईं थीं। रविवार को गर्मी होने के कारण दोपहर बाद नदी में नहाने लगीं। उसी दौरान 10 वर्षीय शिवानी नदी में डूबने लगी, इससे देखकर उसकी दोनों चाची उसे बचाने के लिए नदी में कूद गईं। तीनों डूबने लगीं, यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने नदी से तीनों को निकाला। एक महिला की हालत गंभीर थी, उसकी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
सोनौली मोहम्मदपुर में लोनियनपुरवा गांव के निवासिनी निर्मोही की पत्नी आरती (22) उसकी जेठानी ललिता (25) पत्नी इंद्रजीत के साथ भतीजी शिवानी (10) पुत्री राम प्रसाद भिखारीपुर सकरौर तटबंध के पास सरयू नदी के किनारे बकरी चराने गईं थीं। नदी में डूबने से बचकर निकलने के बाद शिवानी ने बताया कि उसकी दोनों चाची गर्मी से परेशान होकर सरयू नदी की तलहटी में नहाने लगीं। इसी बीच वह भी नदी में नहाने के लिए उतरी, इसी बीच पैर फिसलने से वह डूबने लगी।
इस पर उसे बचाने के लिए दोनों चाची उसकी तरफ आईं, वो भी नदी की गहराई में पहुंच गईं। किसी तरह शिवानी तो निकल आई लेकिन दोनों महिलाएं आरती व ललिता डूबने लगीं। यह देखकर वहां थोड़ी दूर पर मौजूद रमेश व उनकी पत्नी प्रमिला मौके पर पहुंचीं। रमेश ने ललिता को नदी से बाहर निकल लिया। लेकिन आरती ज्यादा गहराई में चली गई और डूब गई थी। इससे शोर करके गांव के अन्य लोगों को बुलाया।
काफी मशक्कत कर आरती को भी बाहर निकाल लिया। तब तक मौके पर एंबुलेंस भी गांव के लोगों ने मंगा लिया था। आरती की सांसें चल रहीं थीं, आनन-फानन में आरती को स्थानीय सीएचसी भेजा गया। सीएचसी अधीक्षक बेलसर डॉ. सतपाल सोनकर ने बताया कि आरती की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जिसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत से गांव में कोहराम मच गया है।
