झांसी। सोमवार तड़के बरुआसागर स्टेशन से गुजर रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस से प्लेटफार्म पर गिरने से घायल हुए युवक की मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता बेटा था। मामा के घर से लौटते समय यह हादसा हो गया। आधार कार्ड से शिनाख्त करके पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घटना की वजह को लेकर आशंका जता रहे हैं।

थाना बरुआसागर के जैन मंदिर रोड निवासी सुपेंद्र जैन उर्फ राहुल (34) पुत्र सुभाष जैन बरुआसागर में पारस मोबाइल सेंटर नाम से मोबाइल मरम्मत की दुकान चलाता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार को सुपेंद्र मामा के घर गया था। सोमवार तड़के वह टेहरका स्टेशन से बुंदेलखंड एक्सप्रेस में सवार हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बरुआसागर में गाड़ी का ठहराव नहीं है, यहां पहुंचने पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने पर वह प्लेटफार्म में जा गिरा, जबकि परिजनों का कहना है कि सुपेंद्र दतिया जा रहा था। परिजनों ने पीछे से धक्का दिए जाने का आरोप लगाया।

प्लेटफार्म पर गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर जीआरपी पहुंच गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां कुछ देर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है। मां रेखा अचेत हो गई। सुपेंद्र परिवार का इकलौता बेटा था। पिता की मौत के बाद परिवार का पालन-पोषण सुपेंद्र करता था।

थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह का कहना है प्रारंभिक छानबीन में ट्रेन से उतरने के दौरान हादसे की बात सामने आई है। मामले की आगे जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *