संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रेलवे बोर्ड ने कर्मचारी, पेंशनर और उनके आश्रितों के लिए रेलवे अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने को लेकर आदेश जारी किए हैं। इसमें ओपीडी का समय बढ़ाने के साथ ही दवा वितरण काउंटर खुलने का समय भी बढ़ाया गया है। निर्देश कानपुर रेलवे अस्पताल में लागू होने के बाद झांसी में भी लागू होना है। इसको लेकर यूनियन भी मांग कर रही हैं।
रेलवे बोर्ड ने बीती 27 अगस्त को सभी जोनल रेलवे को आदेश जारी कर मंडलीय रेलवे अस्पतालों और डिस्पेंसरी में ओपीडी का समय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसमें ओपीडी रजिस्ट्रेशन का समय सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 से दोपहर 2.30 तक, शनिवार को ओपीडी रजिस्ट्रेशन का समय सुबह 8 से 12.30 बजे तक। जनरल ओपीडी का समय सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8.30 से दोपहर 3 बजे तक, शनिवार को जनरल ओपीडी का समय सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक। सोमवार से शुक्रवार तक दवा खिड़की खुलने का समय सुबह 8 से शाम 4 बजे तक और शनिवार को दवा वितरण का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। टेलीमेडिसिन चिकित्सक की ड्यूटी का समय सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 3 से 4 बजे तक और शनिवार को यह समय दोपहर 1 से 2 बजे तक रहेगा। यह समय कानपुर रेलवे अस्पताल में लागू हो गया है। हालांकि, अभी इसे झांसी रेलवे अस्पताल में लागू नहीं किया जा रहा है।
यूनियनों ने उठाई है मांग
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मजदूर यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष हुकुम सिंह चौहान ने रेल प्रशासन से मांग की है कि जिस प्रकार कानपुर में यह नियम लागू किया गया है। उसी प्रकार झांसी मंडल रेलवे अस्पताल में भी यह व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। यही मांग नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ ने भी उठाई है। मंडल अध्यक्ष राम कुमार सिंह व गौरव श्रीवास्तव ने मंडल रेल प्रबंधक के माध्यम से मांग की है कि रेलवे कर्मचारी और पेंशनरों की सुविधा के लिए ओपीडी का समय बढ़ाया जाए।
वर्जन
अभी यह व्यवस्था हमारे अस्पताल में लागू नहीं हुई है। इसको लेकर विचार किया जा रहा है।
डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, रेलवे अस्पताल।