आगरा। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थी मुफ्त में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सीख सकेंगे। 15 अप्रैल से शुरू होने वाले इस निशुल्क ऑनलाइन एआई अवेयरनेस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए 2 से 7 अप्रैल तक पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। 20 घंटे का प्रशिक्षण पूरा करने पर छात्रों को 2 क्रेडिट पॉइंट्स के साथ प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गोरखपुर टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज के सहयोग से संचालित किया जाएगा।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डाॅ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि इस कोर्स का उद्देश्य छात्रों को नई तकनीकों से परिचित कराकर उन्हें भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान एआई की मूल अवधारणा, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिसिस, एल्गोरिदम की समझ, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, इमेज रिकग्निशन, और ऑटोमेशन टूल्स का उपयोग सिखाया जाएगा। साथ ही छात्रों को डिजिटल एथिक्स, साइबर सुरक्षा और एआई के जिम्मेदार उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
बताया कि एआई कोर्स से छात्रों की पढ़ाई अधिक आसान और प्रभावी बनेगी। वे स्मार्ट स्टडी टूल्स, ऑनलाइन रिसर्च और प्रोजेक्ट तैयार करने में दक्ष होंगे। यह कोर्स न केवल उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाएगा, बल्कि आईटी, इंजीनियरिंग और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में कॅरिअर बनाने की मजबूत नींव भी तैयार करेगा। एआई का सही उपयोग छात्रों की पढ़ाई, प्रोजेक्ट और रिसर्च को आसान बनाएगा। सही प्रॉम्प्ट लिखने की कला सीखकर विद्यार्थी न सिर्फ बेहतर उत्तर पा सकते हैं, बल्कि अपनी समझ और क्रिएटिविटी भी बढ़ा सकते हैं।
