उरई में बावर्ची की गोली लगने से हुई मौत के मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष के पति, पुत्र व बाउंसर के खिलाफ हत्या, एससी एसटी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने से राजनैतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। मध्य प्रदेश के भांडेर के नई बस्ती निवासी महेश अहिरवार (40) खाना बनाने का काम करता था।
24 अक्तूबर को वह कोंच नगर में स्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन पति देवेंद्र निरंजन उर्फ छुन्ना के आशीर्वाद होटल में बावर्ची का काम करने आया था। बुधवार की रात उसकी सीने में रिपीटर बंदूक की गोली लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे में महेश अहिरवार का शव बेड पर रक्तरंजित हालत में पड़ा मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था।
