
पीएसी कांस्टेबल सुधीर मलिक का फ़ाइल फोटो
– फोटो : संवाद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में पीएसी सिपाही सुधीर मलिक सोमवार रात 12 बजते ही 25 वर्ष का हुआ था। उसने रात सवा नौ बजे करीब मां कमलेश और भाई पवन से फोन पर बात की थी। जन्मदिन की दोनों ने सुधीर को शुभकामनाएं दी थीं। गमजदा भाई पवन ने बताया कि 17 जुलाई को ही सुधीर एक माह की छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटा था। लौटते वक्त उसने मां से कहा था कि अब वह शादी के लिए तैयार है। कोई अच्छा रिश्ता आए तो आगामी सर्दियों में ही शादी करा देना।
Trending Videos
मृतक सुधीर के पिता उदयवीर पेशे से किसान और भाई पवन प्राइवेट शिक्षक है। दो भाइयों में छोटा सुधीर बीए तक ही पढ़ा था। वर्ष 2021 में ही उसकी नौकरी लग गई थी। आगरा में ही उसकी ट्रेनिंग हुई थी। इसके बाद 15वीं वाहिनी में उसे तैनाती मिल गई थी।
एकांकी जीवन जीना पसंद करता था सुधीर
इंस्पेक्टर रिफाइनरी सोनू त्यागी ने बताया कि सुधीर द्वारा आत्महत्या पर पुलिस ने उसके साथी जवानों से बात की। इसमें सामने आया कि वह अकेले में रहना पसंद करता था। स्टाफ में ज्यादा किसी से बात नहीं करता था। अपनी निजी बातों को साझा नहीं करता था।
…तो क्या पेट की बीमारी को लेकर तनाव में था सुधीर
सुधीर के मोबाइल फोन की पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि सुधीर यूट्यूब पर पेट की बीमारी से संबंधित ज्यादा वीडियो देखता था। इसके विषय में परिजनों से पुलिस ने बात की तो पता लगा कि एक साल पहले उसे पाचन संबंधी समस्या हुई थी। उसका उपचार भी चला था।
पीएसी सिपाही द्वारा आत्महत्या के संबंध में कोई स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। परिजनों ने भी कोई जानकारी होने से मना किया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। -डॉ. अरविंद कुमार, एसपी सिटी