अमेठी सिटी। फसल समर्थन मूल्य योजना के तहत जिले में 91 क्रय केंद्रों पर एक नंबर से धान खरीद होगी। खरीद कार्य के लिए छह एजेंसियों को चिह्नित किया गया है। आधार सत्यापन के बाद पंजीकृत किसान ही निर्धारित खरीद केंद्रों पर अपना धान बेच सकेंगे। यह जानकारी डिप्टी आरएमओ राजेश्वर सिंह ने दी।
बताया कि जिला स्तरीय कमेटी के अनुमोदन के बाद छह एजेंसी के 91 क्रय केंद्र को खरीद के लिए मंजूरी मिली है। सभी क्रय केंद्रों को खरीद के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटे के साथ पेयजल, प्रसाधन व छांव समेत अन्य सुविधा दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है। एक नवंबर से पंजीकृत किसानों से नियमानुसार, खरीद कर 72 घंटे में किसानों को भुगतान सुनिश्चित कराने की व्यवस्था की गई है। किसान से अपील की कि परेशानी से बचने के लिए समय से पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करा लें।
जिले में 1,32,138 हेक्टेयर में करीब 32,82,696 मीट्रिक टन धान उत्पादन संभावित है। शासन ने सामान्य प्रजाति के धान 23 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति हेक्टयर 33.20 क्विंटल खरीद करने की योजना बनाई है। इसके लिए विपणन शाखा के सर्वाधिक 42, पीसीएफ के 20, यूपीएसएस के नौ, पीसीयू के 16 व एफसीआई व मंडी परिषद के दो-दो क्रय केंद्र धान की खरीद करेंगे। धान खरीद के लिए 2740 किसानों का पंजीकरण कराया गया है। पंजीकृत किसानों से एक नवंबर से टोकन सिस्टम के जरिए प्वाइंट आफ परचेज मशीन से धान की खरीद शुरू होगी।
खरीद के लिए पंजीकरण जरूरी
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना जरूरी होगा। इसमें धान उत्पादित भूमि का विवरण, ऑनलाइन खतौनी की नकल, आधार प्रमाणीकरण विधि से स्वयं के क्रय केंद्र पर नहीं आने की दशा में संबंधी का विवरण, आधार कार्ड व आवेदन की प्रविष्टियां आधार कार्ड के अनुसार, बैंक पास बुक व पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड कराना होगी।
