बारिश के मौसम में भी गर्मी सितम ढा रही है। एटाब के एक विद्यालय में 7वीं का छात्र कक्षा में बैठे-बैठे बेहोश होकर गिर गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

एटा मेडिकल कॉलेज ओपीडी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एटा में इन दिनों गर्मी के साथ भीषण उमस हो रही है। इससे लोग बीमारियों व शारीरिक समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को शहर के एक विद्यालय में गर्मी के चलते कक्षा 7 के छात्र को चक्कर आ गए। विद्यालय से परिजन को सूचना दी गई। सूचना पर गए परिजन ने छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
गांव पतारा निवासी 12 वर्षीय शोभित शहर के एक विद्यालय में कक्षा 7 में पढ़ता है। बृहस्पतिवार को वह कक्षा में बैठा हुआ था। गर्मी के कारण उसे चक्कर आने लगे। सिर में तेज दर्द होने लगा। मामले की जानकारी छात्र के परिजन को दी गई। छात्र की मां विद्यालय पहुंचीं। विद्यालय प्रशासन ने छात्र को मां के साथ मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां चिकित्सक ने उसकी हालत देख भर्ती कर लिया।
इमरजेंसी प्रभारी डॉ. माधवेंद्र प्रताप ने बताया कि पसीने के साथ नमक शरीर से निकल जाता है। इसकी कमी हाेते ही चक्कर आदि की दिक्कत हो जाती है। प्रत्येक व्यक्ति को पानी अवश्य पीना चाहिए। जिससे शरीर में इसकी कमी न हो पाए।
