विधान सभा चुनाव की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का बिगुल बज चुका है। एक-एक मतदाता का सत्यापन होगा। इससे पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सूची से जिले में 1.57 लाख मतदाताओं के नाम कट गए हैं। 15 अगस्त से 29 सितंबर तक चले वृहद पुनरीक्षण में 1500 से अधिक बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) ने घर-घर सर्वे किया था।
जिले में 2021 में पंचायत चुनाव हुए थे। तब 20.29 लाख मतदाता थे। 2026 में फिर चुनाव होंगे। चुनाव से पूर्व आयोग ने मतदाता सूचियों को वृहद पुनरीक्षण कराया। इसमें 6.46 लाख से अधिक प्रविष्टियां दर्ज की गई। 4.74 लाख प्रविष्टियां हस्तलिखित और 1.71 लाख ऑनलाइन दर्ज की गई थीं। हस्तलिखित 4.74 लाख प्रविष्टियों में 1,57, 584 सूची से नाम काटे गए हैं। 2.90 लाख नए नाम जोड़े गए जबकि 27,111 मतदाताओं के नाम व पते में संशोधन किया गया है। ऑनलाइन प्राप्त हुई 1.71 लाख प्रविष्टियों का कम्प्यूटराइज्ड डेटा तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद सूची से नाम कटने और जुड़ने वाले मतदाताओं की संख्या बढ़ सकती है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी निर्मला फौजदार ने बताया कि 5 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इस पर 12 दिसंबर तक आपत्तियां व सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। 19 दिसंबर तक निस्तारण होगा। 15 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
वृहद पुनरीक्षण का रिपोर्ट कार्ड
– ब्लॉक: जोड़े गए: संशोधन: काटे गए: कुल प्रविष्टियां
– अकोला: 18902: 1469: 9158: 29529
– अछनेरा: 19358: 1303: 9951: 30612
– एत्मादपुर: 18200: 1798: 10742: 30740
– खंदौली: 23615: 2407: 13203: 39225
– खेरागढ़: 16527: 1090: 9356: 26973
– जगनेर: 13740: 950: 7534: 22224
– जैतपुर कलां: 16564: 1925: 8836: 27325
– पिनाहट: 14804: 2344: 9787: 26935
– फतेहपुर सीकरी: 16758: 1626: 9925: 26935
– फतेहाबाद: 22870: 2251: 14179: 39300
– बरौली अहीर: 28904: 2551: 11748: 43203
– बाह: 18203: 1066: 6074: 31440
– बिचपुरी: 18203: 1066: 6074: 25343
– शमसाबाद: 24155: 2277: 15666: 42098
– सैंया: 20251: 1505: 9766: 31522
(नोट: पंचायत निर्वाचन कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार)
एसआईआर पर आज डीएम ने बुलाई बैठक
चार नवंबर से शुरू होने जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में बुधवार दोपहर 12 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद एम बंगारी ने कलेक्ट्रेट में सभी राजनैतिक दलों की बैठक बुलाई है। 1 जनवरी 2026 के आधार पर नौ विधान सभा क्षेत्रों में प्रत्येक मतदाता का सत्यापन होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
घर-घर सर्वे में बीएलओ पर लापरवाही के आरोप
कलवारी स्थित एचआर एस्टेट निवासी डॉ. देवी सिंह नरवार ने पंचायत चुनाव के दौरान हुए घर-घर सर्वे में बीएलओ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य भारती उ.प्र. कार्यकारी अध्यक्ष एवं भाजपा किसान मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष रहे डॉ. नरवार ने कहा कलवारी ग्राम पंचायत की सूची में एचआर एस्टेट निवासियों के नाम बीएलओ ने शामिल नहीं किए। न कोई बीएलओ एचआर एस्टेट पहुंचा। उन्होंने एसडीएम सदर से अनुरोध किया है कि उनके नाम त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सूची में शामिल किए जाएं।
छावनी की सूची में दो बार मतदाताओं के नाम
भारतीय जनता पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने छावनी विधान सभा क्षेत्र की सूची में अयोग्य व डबल मतदाताओं का नाम होने की शिकायत दर्ज कराई है। मतदाता सूची की कमियों के संबंध में बुधवार दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस में भाजपा विधायक प्रेसवार्ता करेंगे, जहां सूची में गड़बड़ियों के साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
