Delhi Police is doing interrogation with Sagar Sharma family in Lucknow.

सागर शर्मा के घर के बाहर मौजूद पुलिसकर्मी।
– फोटो : amar ujala

विस्तार


संसद की सुरक्षा भेदने के आरोपी सागर शर्मा ने आलमबाग स्थित सडाना शोरूम से 1200 रुपये में दो जोड़ी जूते खरीदे थे। इन्हीं जूतों को भीतर से काटकर उसमें कलर स्प्रे रखकर वह संसद भवन के भीतर गया था। रविवार शाम जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल तहकीकात करने शहर पहुंची तो जूते के शोरूम में भी गई। शोरूम मालिक से पूछताछ के साथ ही वहां का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) कब्जे में लिया गया है। टीम ने सागर के परिजनों से लंबी पूछताछ की। उसके पिता को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

संसद की सुरक्षा में सेंधमारी कर वहां कलर स्प्रे छोड़ने वालों में आलमबाग के रामनगर का रहने वाला सागर शर्मा भी शामिल था। वह मौके से ही पकड़ा गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम मामले की तफ्तीश के लिए रविवार शाम करीब साढे़ पांच बजे आलमबाग के सडाना शोरूम पर पहुंची। शोरूम मालिक दीपक उर्फ दीपू सडाना की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सागर से बात कराई। दीपक ने सागर को पहचानने से इन्कार कर दिया। पर, सागर ने जानकारी देकर जूतों की तस्दीक कराई। सागर ने बताया कि उसने लांसर कंपनी के आठ नंबर के दो जोड़ी जूते वहां से खरीदे थे। जिनकी एमआरपी 699 प्रति जोड़ी थी। डिस्काउंट के बाद 600-600 रुपये में दोनों जोड़ी जूते लिए थे। वारदात के दौरान जब सागर पकड़ा गया, तो यही जूते पहने था।

शोरूम में छानबीन करने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम शाम करीब छह बजे सागर के घर पहुंची। टीम ने सागर की मां रानी, पिता रोशनलाल व बहन से लंबी पूछताछ की। सागर के कमरे को खंगाला। इस दौरान पुलिस अफसरों ने सागर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर लिया। परिजनों से उसकी बात भी कराई। कई किताबों व दस्तावेज के बारे में पूछा। सागर ने सभी चीजों की तस्दीक कराई। सूत्रों के मुताबिक टीम ने कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। सागर के घर में तकरीबन 40 मिनट तक पुलिस टीम रही।

फुटेज जुटाने की कोशिश

शोरूम मालिक दीपक सडाना ने कहा कि रोजाना सैकड़ों ग्राहक आते हैं। ऐसे में किसी एक की पहचान करना संभव नहीं है। शायद उसने बिल नहीं लिया हो। अगर बिल होता तो काफी चीजें साफ हो जातीं। शोरूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। लिहाजा दिल्ली पुलिस ने डीवीआर कब्जे में ले लिया है। इससे सागर के जूते खरीदने की फुटेज जुटाई जाएगी। अगर फुटेज मिली तो दिल्ली पुलिस उसे साक्ष्य के तौर पर विवेचना में शामिल करेगी।

व्यापारियों में मची अफरातफरी, जानकारी हुई तब हुए शांत

दिल्ली पुलिस के पहुंचने पर आलमबाग बाजार में भीड़ जमा हो गई। कई व्यापारी नेता पहुंच गए। पर, जब उन्हें पता चला कि संसद में हुई वारदात के सिलसिले में दिल्ली पुलिस तफ्तीश करने आई है, तो वे शांत हो गए। व्यापारी नेताओं ने अन्य लोगों को भी समझाया। उधर, रविवार को सुबह से ही दिल्ली पुलिस की टीम के आने की चर्चा थी, लिहाजा मोहल्ले में पूरे दिन लोगों का जमावड़ा लगा रहा।

चार बैंकों में मिले खाते, लेनदेन का ब्योरा तलाश रही पुलिस

जांच एजेंसियां सागर शर्मा की पूरी कुंडली खंगाल रही हैं। तफ्तीश में सामने आया कि सागर के चार बैंकों में खाते हैं। सभी की पासबुक जांच एजेंसियों ने कब्जे में ली हैं। जांच एजेंसियां खातों में रकम के लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही हैं। खातों में रकम तो अधिक नहीं है, लेकिन लेनदेन किन लोगों से हुआ ये अहम है। इसी पहलू पर एजेंसियां तहकीकात कर रही हैं। संसद के भीतर घुसकर कलर स्प्रे छोड़ने में आलमबाग के रामनगर का रहने वाले सागर शर्मा भी शामिल था। दिल्ली पुलिस उसे जेल भेज चुकी है। इधर घटना के बाद से उसके घर पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस के अलावा कई अन्य सुरक्षा एजेंसियां उसके घर जाकर तफ्तीश कर चुकी हैं। उसकी किताबें और डायरी भी जब्त की गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *