अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। जिले में मूंगफली के 25 खरीद केंद्र खोले जाएंगे। शासन स्तर से इसकी मंजूरी दे दी गई है। दो-तीन दिन में इन केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी। केंद्रों पर किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा। जबकि, अब तक वे औने-पोने भाव में मूंगफली बेचने को मजबूर थे।

मौसम की प्रतिकूलता के बाद भी इस बार जिले में मूंगफली की अच्छी पैदावार हुई है। सरकारी खरीद केंद्र न होने की वजह से किसानों को मंडी में मूंगफली के सही दाम नहीं मिल पा रहे थे। मंडी में किसानों से अधिकतम 4700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मूंगफली खरीदी जा रही थी। सरकार की ओर से इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,783 रुपये प्रति क्विंटल तय कर रखा गया है। लेकिन अब शासन की ओर से जिले में 25 क्रय केंद्र खोलने को मंजूरी दे दी गई है। यह केंद्र प्रत्येक विकासखंड और तहसील में खोले जाएंगे। दो-तीन दिन में सभी केंद्रों पर मूंगफली की खरीद शुरू कर दी जाएगी।

देरी से किसानों को हुआ नुकसान

मंडी में मूंगफली की आवक दिवाली के बाद से ही शुरू हो गई थी। तब से मंडी में रोजाना लगभग 60 बोरा मूंगफली पहुंच रही है। यदि समय पर खरीद केंद्र खोल दिए जाते तो किसानों को मंडी में कम दामों पर अपनी उपज नहीं बेचनी पड़ती। वे भी केंद्रों पर मूंगफली बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य हासिल कर पाते। केंद्र खोलने में हुई देरी से तमाम किसानों को नुकसान उठाना पड़ गया है।

जनपद में मूंगफली के 25 खरीद केंद्र मंजूर किए गए हैं। दो-तीन दिन में सभी केंद्रों पर खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जाने लगी हैं। – नमन पांडेय, डिप्टी आरएमओ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *