संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Sat, 10 Aug 2024 06:16 AM IST

अमेठी सिटी। अमेठी धम्मौर मार्ग स्थित मुसवापुर के पास निर्माणाधीन पुल के पास बना वैकल्पिक मार्ग से आवागमन बंद हो गया है। आवागमन बंद होने से दूसरे दिन शुक्रवार को भी राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीरों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। अमेठी-धम्मौर-सुल्तानपुर राजमार्ग पर मुसवापुर के समीप स्थित गुलाल ड्रेन पर पीडब्लूडी की ओर से पुल निर्माण कराया जा रहा है। आवागमन बाधित न हो इसके लिए पुल के पास ड्रेन से वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था। नहर विभाग की ओर से ड्रेन में छोड़े गए पानी से बृहस्पतिवार को वैकल्पिक मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने लोगों को हादसे से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग बंद करा दिया गया। धम्मौर, सुल्तानपुर आने जाने वाले वाहनों को मुंशीगंज, रामनगर व मुसवापुर से शारदन मुंशीगंज के रास्ते लंबी दूरी तयकर आवागमन करना पड़ रहा है।
बसों की सेवा बंद होने से लोगों की बढ़ी परेशानी
गुलाल ड्रेन पर बना वैकल्पिक रास्ता बंद होने से रोडवेज यात्रियों की परेशानी बढ़ गई हैै। आवागमन बाधित होने से रोडवेज की सें रामनगर, मुंशीगंज के रास्ते सुल्तानपुर जा रही हैं।बेनीपुर से धम्मौर परतोष तक के लोगों की अब बस की सुविधा मिलनी बंद हो गई है। लोगों को निजी साधन व प्राइवेट टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्हें यात्रा का अधिक खर्च उठाना पड़ रहा है। संचालन प्रभारी पूरनलाल ने बताया कि अमेठी-धम्मौर मार्ग से लोकल व सभी सेवाओं को मिलाकर करीब 50 ट्रिप होती थी। सभी बसें मुंशीगंज के रास्ते आवागमन कर रही हैं।
