People are suffering due to freezing cold, business is also affected

ठंड से बचने को अलाव तापते लोग।

अमेठी सिटी। गलन भरी ठंड का सितम थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह घना कोहरा होने से वाहन रेंगते रहे। मौसम विभाग अभी कड़ाके की ठंड व कोहरे से राहत नहीं मिलने की संभावना बता रहा है। इधर, सर्दी के कारण बाजारों में सन्नाटा होने से कारोबार भी ठंडा पड़ा है।

कड़ाके की सर्दी से सामान्य जन जीवन प्रभावित हो रहा है। धूप न निकलने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी के कारण लोगाें का बाहर निकलना बहुत कम हो रहा है।

ग्राहक न होने से बाजार में कारोबार ठंडा है। इसके अलावा बाजार में रेहड़ी, फड़ी लगाकर गुजर बसर करने वालों के धंधे भी चौपट हो गए हैं। गलियों में सामान बेचने वालों की कमी हो गई है। धूप न निकलने के कारण लोगों को केवल अलाव का सहारा है। बृहस्पतिवार को भी दिनभर आसमान में धुंध छाई रहीं। चंद मिनटों के लिए धूप निकली, फिर सूरज बादलों के लिहाफ में छिप गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अभी सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। ठंड से जहां लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनवरी बीतने को है, अनुमान था कि अंतिम सप्ताह में सर्दी कम होगी और लोगों को राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक भी अभी गलन भरी सर्दी से राहत मिलने की संभावना से इंकार कर रहे हैं।

इनसेट

सावधानी बरतना अनिवार्य

सप्ताह भर से पड़ रहे कोहरे को लेकर किसानों के माथे चिंता की लकीरें लटक रही हैं। सरसों के खिले फूल मुरझा रहे हैं जिससे पैदावार पर विपरीत असर पड़ने की उम्मीद है। तो आलू मटर को भी नुकसान है। किसान पंकज सिंह, राम फेर यादव, राम कुमार आदि कहते हैं की कोहरे से सरसों, मटर ,आलू की फसल पर बुरा असर पड़ेगा। सीएचसी गौरीगंज अधीक्षक डाॅ.. राजीव सौरभ ने बताया कि गलन भरी ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतें। आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। ठंडे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। कम से कम तीन लेयर में ऊनी कपड़े पहनें। गुनगुना पानी का प्रयोग करें। दूषित पदार्थों को खाने से बचें। बुजुर्गों बच्चों पर विशेष ध्यान दें ।

अभी नहीं मिलेगी शीत लहर से राहत

आचार्य नरेंद्र देव कृषि कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 9.8 डिग्री कम था। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 3.0 डिग्री कम था। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 85 तो न्यूनतम 71 प्रतिशत रहीं। 2.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिणी-पश्चिमी हवा चली। बताया कि आगामी 24 घंटे हल्के में सुबह के समय कोहरा/ बादल छाए रहने एवं हवा के सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है। औसत तापमान आगे भी सामान्य से कम रहने की संभावना है, जिससे अभी भी शीतलहर से राहत की संभावना नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *